Dhanbad: मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में प्रशिक्षणरत वर्ष 2025 बैच के 10 आईएएस प्रशिक्षु अधिकारियों का एक दल शुक्रवार को अपने विंटर स्टडी टूर के तहत धनबाद पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों ने जिले की प्रशासनिक व्यवस्था, पुनर्वास से जुड़ी योजनाओं तथा खनन क्षेत्र की जमीनी चुनौतियों और वास्तविकताओं का प्रत्यक्ष अध्ययन किया।
अपने दौरे की शुरुआत में प्रशिक्षु अधिकारियों ने धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन से शिष्टाचार भेंट की। उपायुक्त ने जिले में लागू विभिन्न सुशासन पहलों, विकास कार्यक्रमों और प्रशासनिक नवाचारों की विस्तृत जानकारी साझा की। इसके पश्चात जिला खनन पदाधिकारी रितेश राज तिग्गा के नेतृत्व में अधिकारियों का दल क्षेत्रीय भ्रमण पर निकला।
भ्रमण के क्रम में प्रशिक्षु अधिकारियों ने झरिया पुनर्वास योजना के अंतर्गत विकसित बेलगढ़िया टाउनशिप का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने विस्थापित परिवारों के लिए उपलब्ध कराई गई आवासीय सुविधाओं, बुनियादी ढांचे और पुनर्वास व्यवस्थाओं को करीब से देखा।
इसके बाद दल ने बीसीसीएल के ब्लॉक-2 ओपन कास्ट प्रोजेक्ट, मुनिडीह अंडरग्राउंड माइंस और एना फायर प्रोजेक्ट का दौरा किया। यहां अधिकारियों को कोयला खनन में उपयोग की जा रही आधुनिक तकनीकों, खदानों में सुरक्षा उपायों तथा भूमिगत आग से निपटने की प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
इस अध्ययन दल का नेतृत्व ग्रुप लीडर सिद्धार्थ सिंह और सहायक ग्रुप लीडर आकाश गर्ग कर रहे हैं। दल में शोभिका पाठक, ताशी तेनजिन, पेलना वांगचुग, पवित्रा पी, माधव अग्रवाल, दिव्यांक गुप्ता, दीपक कुमार और सोनम नोरबू शामिल हैं।