Jharkhand: नए साल के जश्न के दौरान झारखंड में शराब की बिक्री ने इस बार पुराने सभी रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस बार 30 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच राज्यभर में शराब की बिक्री 65 से 70 करोड़ रुपये के बीच आंकी गई है। झारखंड शराब व्यापारी संघ के प्रदेश महासचिव सुबोध कुमार जायसवाल के अनुसार, तीन दिनों में शराब की भारी मांग होने के बावजूद आपूर्ति पूरी तरह नहीं हो सकी, फिर भी बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।
31 दिसंबर को हुआ ज्यादा कारोबार
सबसे ज्यादा कारोबार 31 दिसंबर को दर्ज किया गया, जब अकेले उस दिन लगभग 30 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में करीब ढाई करोड़ रुपये अधिक है। बीते साल 31 दिसंबर को जहां 27.52 करोड़ रुपये की बिक्री हुई थी, वहीं 30 दिसंबर को यह आंकड़ा 16 करोड़ रुपये रहा था। इस तरह पिछले साल इन दो दिनों में कुल 46 करोड़ रुपये से अधिक की शराब की बिक्री दर्ज की गई थी।
1 जनवरी को हुई लगभग 18 से 19 करोड़ रुपये की बिक्री
इस साल 1 जनवरी को भी शराब की बिक्री में कमी नहीं आई और अनुमान के मुताबिक इस दिन भी 18 से 19 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ, हालांकि इसके आधिकारिक आंकड़े अभी सामने नहीं आए हैं। कुल मिलाकर इन तीन दिनों में इस बार शराब की बिक्री पिछले वर्ष की तुलना में लगभग पांच करोड़ रुपये ज्यादा हुई है। बता दें पिछले साल इसी अवधि में करीब 60 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई थी।
राजधानी रांची में भी नए साल के मौके पर जबरदस्त बिक्री देखने को मिली, जहां 30 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच लगभग 10 करोड़ रुपये की शराब बिकी। बढ़ती मांग को देखते हुए राज्य सरकार ने इस अवसर पर दो दर्जन से अधिक अस्थायी लाइसेंस जारी किए थे। साथ ही करीब 30 बार और रेस्तरां को एक्सटेंशन काउंटर की अनुमति दी गई, जिससे तय समय से दो घंटे अतिरिक्त शराब की बिक्री संभव हो।