Seraikela Police: महिला एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सरायकेला खरसावां पुलिस ने वर्ष 2025 में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. गृह मंत्रालय (भारत सरकार) की महत्वकांक्षी पहल “इन्वेस्टिगेशन ट्रैकिंग सिस्टम फॉर सेक्सुअल ऑफेंसेस (ITSSO)” के तहत जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महिला एवं बच्चों के विरुद्ध प्रतिवेदित यौन अपराध के कांडों में शत-प्रतिशत अनुसंधान अनुपालन दर का लक्ष्य प्राप्त किया है.
ITSSO: महिला सुरक्षा के लिए मिशन मोड पहल
ITSSO यौन अपराधों के अनुसंधान की समयबद्ध निगरानी के लिए एक ऑनलाइन ट्रैकिंग प्रणाली है. इसका उद्देश्य बलात्कार जैसे गंभीर मामलों में कानून द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर अनुसंधान पूर्ण कर त्वरित न्याय सुनिश्चित करना है.
वर्ष 2025 के आंकड़े और अनुसंधान अनुपालन दर
दिनांक 01 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 की अवधि में जिले में महिला एवं बच्चों के विरुद्ध यौन अपराधों से संबंधित कुल 33 कांड दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 30 कांडों में अनुसंधान पूर्ण करते हुए निर्धारित अवधि 60 दिनों के अंदर आरोपपत्र दाखिल किया गया है. शेष 3 कांड की निर्धारित अवधि अभी पूर्ण नहीं हुई है, इनके गिरफ़्तदारी की कारवाई कर ली गई है तथा सभी बिंदुओं पर अनुसंधान पूर्ण करते हुए 60 दिन के भीतर आरोपपत्र समर्पित किया जाएगा.
सरायकेला खरसावां पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इन सभी मामलों में 100% अनुपालन दर बनाए रखा है. यह दर्शाता है कि पुलिस ने निर्धारित समय सीमा (60 दिन) के भीतर अनुसंधान पूर्ण करते हुए कांडों में आरोपपत्र /अंतिम प्रपत्र दायर किया है.
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा
सरायकेला खरसावां पुलिस की पहली प्राथमिकता है. ITSSO के तहत 100% अनुसंधान अनुपालन दर हासिल करना यह दर्शाता है कि सरायकेला खरसावां पुलिस महिला और बच्चों के साथ प्रतिवेदित यौन अपराधों के अनुसंधान में “जीरो टॉलरेंस” और पूर्ण संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है, ताकि पीड़ितों को जल्द से जल्द न्याय मिल सके.