Ranchi: नए वर्ष के स्वागत और साल के अंतिम दिन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने शांति, सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में वाहन जब्त किए जाएंगे और संबंधित व्यक्ति को पैदल घर भेजा जाएगा। इसके अलावा, रैश ड्राइविंग करने वालों पर भी कठोर कार्रवाई होगी।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने दशम फॉल, जोन्हा फॉल, हुंडरू फॉल सहित जिले के सभी प्रमुख डैम, नदी, जलाशय, जलप्रपात और पर्यटक स्थलों पर भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं। इन स्थलों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। नशे में वाहन चलाने और तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जाएगा।
जलाशयों और पिकनिक स्थलों पर विशेष निगरानी
सदर अनुमंडल के सभी पुलिस उपाधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित डैम, जलाशयों और तालाबों पर गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करें। खतरनाक स्थानों को चिन्हित कर वहां निषेध व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
प्रशासन ने पिकनिक स्थलों पर महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। असामाजिक तत्वों और छेड़खानी की घटनाओं पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की आपराधिक या आपत्तिजनक गतिविधि पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को नियमित गश्ती और सक्रिय निगरानी के आदेश दिए गए हैं।
मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था
संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह तैयार है। सिविल सर्जन के निर्देश पर चार एंबुलेंस, चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ और आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं के साथ 31 दिसंबर 2025 की सुबह 7 बजे से 1 जनवरी 2026 तक जिला नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त किए गए हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
सभी बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के पिकनिक स्थलों पर आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी प्रत्येक दो घंटे में अनुमंडल पदाधिकारी या नगर नियंत्रण कक्ष को स्थिति रिपोर्ट भेजेंगे।
जलप्रपातों और जलाशयों पर सख्त प्रतिबंध
जलाशयों में केवल लाइफ जैकेट पहनने वालों को ही बोटिंग की अनुमति दी जाएगी। बिना लाइफ जैकेट तैराकी, जलक्रीड़ा और अन्य गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जलप्रपातों के फिसलन भरे और खतरनाक क्षेत्रों में लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी। दशम फॉल में स्थानीय गोताखोरों की तैनाती और खतरनाक स्थलों पर निषेध व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी बुंडू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को दी गई है।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नव वर्ष का उत्सव सुरक्षित, शांतिपूर्ण और जिम्मेदार तरीके से मनाएं तथा जारी किए गए सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष या नजदीकी पुलिस थाने से तुरंत संपर्क करने का आग्रह किया गया है।