Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में कार्यरत 50 वर्षीय ठेका मजदूर हरीशंकर पांडेय की कुलिंग पौंड में डूबने से मौत हो गई। वह बोकारो के सेक्टर-4जी इलाके के रहने वाले थे। इस दर्दनाक घटना से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को पानी में छलांग लगाते देखा
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम हरीशंकर पांडेय स्कूटी से घर से निकले थे, लेकिन वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे। देर रात उनके परिजनों को एक युवक का फोन आया, जिसने बताया कि कुलिंग पौंड के पास एक स्कूटी खड़ी है, जिसकी डिक्की में बीएसएल का गेट पास मिला है। कॉल करने वाले ने यह भी जानकारी दी कि कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को पानी में छलांग लगाते हुए भी देखा था।
पुलिस को दी गई घटना की जानकारी
सूचना मिलते ही परिजनों ने हरला थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूटी व गेट पास को अपने कब्जे में लिया। अंधेरा होने के कारण उसी रात तलाशी अभियान शुरू नहीं किया जा सका। इसके बाद मंगलवार सुबह गोताखोरों की मदद से कुलिंग पौंड में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। कुछ समय बाद ही पानी से हरीशंकर पांडेय का शव बरामद कर लिया गया।
मौत के सही कारणों की जांच जारी
शव मिलने की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हरला थाना प्रभारी खुर्शीद आलम ने बताया कि सोमवार शाम करीब 5:30 बजे सूचना प्राप्त हुई थी कि बीएसएल का एक ठेका कर्मचारी कुलिंग पौंड में कूद गया है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।