Latest Updates: एक दिन बाद से 2026 की शुरुआत होने जा रही है। इस नए साल के आगमन के साथ ही देश में कई अहम आर्थिक और वित्तीय बदलाव लागू होने वाले हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और जेब पर पड़ सकता है। आइए जानते हैं 1 जनवरी से होने वाले प्रमुख बदलावों के बारे में विस्तार से:
1. एलपीजी और कमर्शियल गैस के नए दाम
हर महीने की तरह 1 जनवरी को भी घरेलू एलपीजी और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के दाम भी अपडेट होंगे। अगर कीमतों में बढ़ोतरी होती है, तो इसका असर रसोई के खर्च और हवाई यात्रा के टिकटों पर पड़ सकता है।
2. इनकम टैक्स रिटर्न के लिए नया फॉर्म
जनवरी 2026 में आयकर विभाग नया इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फॉर्म जारी कर सकता है। इस फॉर्म में बैंक लेनदेन, खर्च और निवेश से जुड़ी ज्यादा जानकारी शामिल होगी। इससे रिटर्न भरना अधिक पारदर्शी तो होगा, लेकिन गलत जानकारी देने पर कार्रवाई की संभावना भी बढ़ जाएगी।
3. 1 जनवरी से कारें हो सकती हैं महंगी
नए साल के साथ कार खरीदना महंगा पड़ सकता है। मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, हुंडई और एमजी मोटर जैसी कंपनियां अपने वाहनों की कीमतों में करीब 3% तक की बढ़ोतरी कर सकती हैं। एमजी मोटर ने पहले ही कीमत बढ़ाने का ऐलान कर दिया है, जबकि अन्य कंपनियां भी जल्द घोषणा कर सकती हैं।
4. स्मॉल सेविंग्स स्कीम की ब्याज दरों में कटौती की आशंका
केंद्र सरकार डाकघर और अन्य छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों की समीक्षा कर सकती है। इनमें कुल 11 स्कीमें शामिल हैं। हाल ही में आरबीआई द्वारा रेपो रेट में 0.25% की कटौती किए जाने के बाद इन योजनाओं की ब्याज दरें घटने की संभावना जताई जा रही है।
5. आधार-पैन लिंक न होने पर पैन हो सकता है निष्क्रिय
जिन लोगों ने 1 अक्टूबर 2024 या उससे पहले आधार कार्ड बनवाया है, उनके लिए पैन को आधार से लिंक करना अनिवार्य है। अगर 31 दिसंबर तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की गई, तो पैन कार्ड निष्क्रिय किया जा सकता है।
6. यूपीआई, सिम और डिजिटल पहचान से जुड़े नियम होंगे सख्त
ऑनलाइन ठगी और डिजिटल फ्रॉड को रोकने के लिए सरकार और बैंक नए नियम लागू कर रहे हैं। 1 जनवरी से यूपीआई ट्रांजैक्शन, मोबाइल सिम वेरिफिकेशन और डिजिटल पहचान से जुड़े नियम और कड़े हो जाएंगे, ताकि फर्जीवाड़े पर लगाम लगाई जा सके।
7. लोन और एफडी की ब्याज दरों में राहत
एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक और एचडीएफसी बैंक समेत कई बैंकों ने लोन की ब्याज दरों में कटौती की घोषणा की है। ये नई दरें 1 जनवरी 2026 से लागू होंगी, जिससे होम लोन और अन्य कर्ज लेने वालों को राहत मिल सकती है।