West Singhbhum: पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर प्रखंड अंतर्गत अंगरडीहा गांव में एक घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। सास और बहू के बीच लंबे समय से चल रहा तनाव सोमवार को हिंसा में तब्दील हो गया, जिसमें 70 वर्षीय महिला की जान चली गई। इस मामले में बहू पर हत्या का आरोप है, जो घटना के बाद से फरार बताई जा रही है।
रात की कहासुनी से सुबह हुआ खूनी टकराव
स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार की रात जब सास गीता पूर्ति और बहू तुलसी हेस्सा के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। विवाद के बाद दोनों अलग-अलग कमरों में सोने चली गईं। फिर सोमवार की सुबह जब गीता पूर्ति शौच के लिए उठीं, तभी दोनों के बीच दोबारा बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि बहू ने गुस्से में आकर लकड़ी के डंडे से सास के सिर पर जोरदार हमला कर दिया।
हमले के बाद सास गीता पूर्ति गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
अस्पताल ले जाने पर हुई मौत
घटना की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल महिला को चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर तांतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
आरोपी बहू फरार, पुलिस कर रही छापेमारी
घटना के बाद से आरोपी बहू तुलसी हेस्सा फरार हो गई है। पुलिस उसकी तलाश में आसपास के गांवों के साथ-साथ उसके मायके, टोंटो प्रखंड के केंजरा इलाके में भी लगातार छापेमारी कर रही है। फिलहाल आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पहले भी हो चुका था समझौता
गांव के लोगों का कहना है कि सास-बहू के बीच पारिवारिक विवाद कोई नया नहीं था। दोनों के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी। करीब दो महीने पहले तांतनगर थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया गया था, लेकिन आपसी मतभेद खत्म नहीं हो सके। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।