Jamshedpur: जमशेदपुर शहर में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत सी-2 तालाब के समीप पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी में लिप्त एक कुख्यात अपराधी को धर दबोचा।
लगभग 40 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 7.97 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त की गई ब्राउन शुगर 40 पुड़ियों में पैक थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गुरुवार 25 दिसंबर की रात लगभग 8 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि बर्मामाइंस क्षेत्र से एक युवक बाइक के जरिए ब्राउन शुगर बेचने के लिए टेल्को सी-2 तालाब की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत गश्ती दल को सक्रिय किया और कार्रवाई के लिए एक अधिकारी के साथ टैंगो-36 के जवानों को भी तैनात किया गया।
आरोपी पकड़ा गया
जब पुलिस टीम ने तार कंपनी गोलचक्कर के पास संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया, तो वह मौके से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि सशस्त्र बल की मदद से उसे पीछा कर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान
गिरफ्तार युवक ने पूछताछ में अपना नाम धीरज पाल उर्फ लल्ले बताया, जो रेलवे कैरेज कॉलोनी का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर की 40 पुड़िया बरामद होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले भी आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। धीरज पाल उर्फ लल्ले के खिलाफ पहले से ही बर्मामाइंस, बिरसानगर और टाटानगर रेल थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।