Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-26

Uttarakhand News: नैनीताल में विंटर कार्निवल का रंगारंग कार्यक्रम का हुआ समापन, मुख्यमंत्री धामी की मौजूदगी में झूमे दर्शक

Uttrakhand: उत्तराखण्ड के पर्यटन नगरी नैनीताल में आयोजित विंटर कार्निवल का समापन रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुआ। कार्निवल के अंतिम दिन पांडवाज़ बैंड और हिमनाद बैंड ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगभग आठ वर्षों के अंतराल के बाद इस महोत्सव का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप 23, 24 और 25 दिसंबर को चले इस तीन दिवसीय विंटर कार्निवल में बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मशहूर कलाकार परमिश वर्मा, पवनदीप राजन और बी प्राक ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। मुख्यमंत्री धामी शाम करीब 6:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।

हालांकि आयोजन के दौरान कुछ अव्यवस्थाओं को लेकर नगर पालिकाध्यक्ष, पूर्व पालिकाध्यक्ष और स्थानीय पत्रकारों ने नाराजगी भी जताई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए एडवेंचर स्पोर्ट्स, विंटर टूरिज्म, विलेज टूरिज्म, फिल्म टूरिज्म, होम-स्टे और एप्पल टूरिज्म जैसे क्षेत्रों को लगातार बढ़ावा दे रही है। उन्होंने बताया कि पलायन निवारण आयोग के सर्वे में उत्तराखण्ड को रिवर्स पलायन के लिए उल्लेखनीय स्थान प्राप्त हुआ है। साथ ही संस्कृति और जनसांख्यिकी संरक्षण के लिए भी प्रभावी कदम उठाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष लैंड जिहाद शब्द पर आपत्ति जताता है, लेकिन राज्य सरकार ने अब तक 10 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। उन्होंने दावा किया कि दंगाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के चलते अब कोई भी दंगा करने से पहले सौ बार सोचता है।

आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि करीब दस दिन पहले हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में मुख्यमंत्री ने शीतकालीन पर्यटन पर विस्तार से चर्चा की थी और भरोसा दिलाया था कि इसे मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर उन पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। इसके बाद हिमनाद बैंड ने “छबीलो गढ़वाल, मेरो रंगीलो कुमाऊं”, “घुरघुरु उजाओ हैगो” जैसे लोकगीतों से दर्शकों का दिल जीत लिया। अल्मोड़ा और नैनीताल से जुड़े कलाकार ‘वॉइड’ ने बॉलीवुड गीतों के साथ सोलो रैप परफॉर्मेंस दी। रात करीब 8:30 बजे जैसे ही प्रतिष्ठित पांडवाज़ बैंड मंच पर उतरा, पूरा पंडाल तालियों और उत्साह से गूंज उठा।

इस अवसर पर न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित, वरिष्ठ विधायक बंशीधर भगत, विधायक सरिता आर्या, पद्मभूषण अनूप साह, भाजपा नेता सुरेश भट्ट, दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा, नवीन वर्मा, अनिल कपूर डब्बू, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एडीएम विवेक राय, एसडीएम नवाजिश खालिक, तहसीलदार अक्षय भट्ट, कुलदीप पांडे और डीटीओ अतुल भंडारी भी कार्यक्रम में शामिल रहे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !