Jamshedpur: मानगो डिमना मेन रोड स्थित चावल बाजार के प्रवेश पथ पर मौजूद विकास गुप्ता की राशन दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने ताला और कुंडी काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से नगद रुपये सहित घरेलू उपयोग के सामान लेकर फरार हो गए।
सुबह जब दुकानदार विकास गुप्ता अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दुकान के मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी कटर से काटी गई है। दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखी नकदी गायब थी।
पीड़ित दुकानदार ने बताया क्या-क्या हुआ चोरी
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि वह रोज की तरह रात में दुकान बंद कर अच्छी तरह ताला लगाकर घर चले गया था। महाजन को देने के लिए उन्होंने दुकान के गल्ले में लगभग 20 हजार रुपये रखे थे। चोरों ने गल्ले का ताला तोड़कर पूरी रकम चुरा ली, साथ ही करीब 10 हजार रुपये मूल्य के घरेलू उपयोगी सामान भी लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित जिला प्रशासन के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी और बढ़ते अपराध पर चिंता जताई।
अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
विकास सिंह ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। अवैध नशे का कारोबार दिन-प्रतिदिन फैलता जा रहा है, जिसका खामियाजा आम नागरिकों और व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।