Chaibasa News: चाईबासा में झारखण्ड विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति ने जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में समिति के सभापति विधायक उदय शंकर सिंह ने जिले में संचालित योजनाओं की विभाग वार समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
समिति ने जिले के खदानों की वर्तमान स्थिति, बालू घाटों की अद्यतन जानकारी तथा राजस्व संकलन की प्रगति की समीक्षा की। अवैध खनन गतिविधियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई, दर्ज प्राथमिकी, जब्त वाहनों एवं वसूली गई राशि की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की गई।
समिति ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग से जिले में संचालित औद्योगिक इकाइयों में प्रदूषण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। सभी औद्योगिक इकाइयों में एयर पॉल्यूशन कंट्रोल यूनिट की अनिवार्य स्थापना, पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने तथा प्रदूषण नियंत्रण संबंधी गाइडलाइन का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए।
समिति ने श्रम अधीक्षक को श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी का अनिवार्य रूप से भुगतान सुनिश्चित कराने तथा श्रम कानूनों के अनुपालन की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। नियोजन पदाधिकारी को संबंधित अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत स्थानीय लोगों को 75 प्रतिशत रोजगार का लाभ सुनिश्चित कराने हेतु प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
समिति ने स्वास्थ्य विभाग को जिले के सभी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों से उत्पन्न बायो-मेडिकल वेस्ट का वैज्ञानिक, सुरक्षित एवं मानक प्रक्रिया के अनुरूप निष्पादन सुनिश्चित करने तथा इस संबंध में नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया।