Jharkhand News: झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अब आधुनिक बुनियादी ढांचे की ओर कदम बढ़ा रहा है. बोर्ड का अपना हाईटेक मुख्यालय ग्रेटर रांची में बनाने की तैयारी है, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. यह मुख्यालय न सिर्फ प्रशासनिक कामकाज को मजबूती देगा बल्कि तकनीकी सुविधाओं से भी लैस होगा.
नया मुख्यालय पांच मंजिला होगा
प्रदूषण बोर्ड का नया मुख्यालय पांच मंजिला होगा, जिसका निर्माण करीब एक लाख वर्गफीट क्षेत्र में किया जाएगा. इस भवन में अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे बोर्ड की निगरानी और कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाया जा सकेगा.
सभी कार्यालयों का निर्माण करीब 25 हजार वर्गफीट क्षेत्र में होगा
इसके साथ ही राज्य के अलग अलग हिस्सों में बोर्ड की मौजूदगी मजबूत करने की योजना है. रांची के तुपुदाना औद्योगिक क्षेत्र, जमशेदपुर, धनबाद, दुमका, हजारीबाग और पलामू में तीन मंजिला क्षेत्रीय कार्यालय बनाए जाएंगे. इन सभी कार्यालयों का निर्माण करीब 25 हजार वर्गफीट क्षेत्र में होगा. यहां प्रयोगशाला के साथ विश्राम कक्ष की सुविधा भी रहेगी.
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा भवन
मुख्यालय भवन में लैंडस्केपिंग, इलेक्ट्रिकल सिस्टम, एयर कंडीशनिंग, लिफ्ट, डीजी सेट, यूपीएस, आईबीएमएस, सीसीटीवी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, फायर सेफ्टी, ग्रीन बिल्डिंग फीचर्स, वर्षा जल संचयन, बेहतर इंटीरियर और फर्नीचर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
निगरानी और कार्रवाई तेज होने की उम्मीद
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के लिए नए हाईटेक मुख्यालय और क्षेत्रीय कार्यालयों का निर्माण राज्य में पर्यावरणीय निगरानी को मजबूत करेगा. जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में क्षेत्रीय कार्यालय बनने से स्थानीय स्तर पर निगरानी और कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है. इससे प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े फैसलों में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ सकती है.