Jamshedpur: जमशेदपुर में आज बड़ी संख्या में छात्रों ने E-Kalyan छात्रवृत्ति की बहाली और समय पर भुगतान की मांग को लेकर विशाल प्रदर्शन रैली निकाली। साकची से शुरू हुई यह रैली जिला मुख्यालय पहुंचकर समाप्त हुई, जहाँ छात्रों ने ज़ोरदार तरीके से अपनी बात रखी।
छात्रों ने बताया कि विगत दो वर्षों से लाखों छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिल रही है, जिसके कारण आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यमवर्गीय छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षा बाधित हो रही है। छात्रवृत्ति ही उनके शिक्षा का मुख्य सहारा है और इसके बिना कई छात्र पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।
साथ ही छात्रों ने कहा कि झारखंड में बढ़ती बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में देरी और नियुक्तियों के न होने से युवाओं में मानसिक तनाव बढ़ रहा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर छात्रों ने मुख्यमंत्री के नाम एक मांग पत्र जिला उपायुक्त को सौंपा।
विष्णु महतो आंदोलनरत छात्र नेता ने कहा कि
“दो साल से छात्रवृत्ति के बिना छात्रों की पढ़ाई दांव पर है। सरकार अविलंब छात्रवृत्ति भुगतान सुनिश्चित करे और बेरोजगारी दूर करने के लिए नियमित एग्जाम कैलेंडर व नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करे।”
इस आंदोलन में तापस महतो, देवाशीष महतो, लक्ष्मण बांद्रा,अनंत सरदार, जगतपति, चंदन, दशमंती सुंडी, माधुरी कुमारी, पूजा रानी, देव, उज्ज्वल, विनोद स्वंशी, रोहित, अमित, मनोज, सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
छात्रों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और व्यापक रूप लेगा।