Saraikela: सरायकेला सदर अस्पताल में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब डुमरी विधायक और JLKM सुप्रीमो जयराम कुमार महतो पुलिसिया पिटाई में घायल JLKM नेता तरुण महतो से गोपनीय तरीके से मिलने सदर अस्पताल पहुंचे. गौरतलब है कि तरुण महतो न्यायिक अभिरक्षा में हैं, जिसके कारण अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी कर दी गई थी. पुलिस ने बिना न्यायालय की अनुमति के मुलाकात की इजाजत देने से इनकार कर दिया और विधायक को रोक दिया.
सरायकेला सदर अस्पताल में चल रहा है
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ईचागढ़ में बालू से लदे वाहनों को रोकने को लेकर शुरू हुए विवाद में तरुण महतो और उनके समर्थकों पर चौकीदार और मुंशी की बेरहमी से पिटाई का आरोप लगा था. इसके बाद पुलिस की कार्रवाई के दौरान तरुण महतो भी घायल हुए थे, जिनका इलाज वर्तमान में सरायकेला सदर अस्पताल में चल रहा है.
न्यायालय के आदेश का इंतजार करते नज़र आए
यह मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. झारखंड हाई कोर्ट ने इस घटना पर स्वत: संज्ञान लेते हुए पुलिस की भूमिका पर असंतोष व्यक्त किया है. अदालत ने पुलिस को फटकार लगाते हुए डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और चार हफ्ते के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है. शुक्रवार को सदर अस्पताल पहुंचे विधायक जयराम महतो न्यायालय के आदेश का इंतजार करते नज़र आए.
अनुमति न मिलने के कारण विधायक को बैरंग लौटना पड़ा
उनके समर्थक और जेएलकेएम कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में अस्पताल परिसर में मौजूद रहे. हालांकि न्यायालय की अनुमति न मिलने के कारण विधायक को बैरंग लौटना पड़ा. जयराम महतो ने न्यायपालिका पर भरोसा जताया और कहा कि वह कानूनी प्रक्रिया का सम्मान करते हैं. साथ ही पुलिसिया कार्रवाई पर उन्होंने संतुष्टि भी व्यक्त की.