Jamshedpur: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित सुपरवाइज़र फ्लैट में बुधवार की शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना करीब शाम 7:30 बजे के आसपास की बताई जा रही है। मृतका की पहचान 43 वर्षीय सारिका देवी के रूप में की गई है, जो टाटा स्टील में कार्यरत लोक विजय की पत्नी थीं।
घटना की वजह जानें
स्थानीय लोगों के अनुसार दोपहर में खाना खाने के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। विवाद बढ़ने के कुछ घंटों बाद सारिका देवी ने आवेश में आकर आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठा लिया। परिजन और आसपास के लोगों ने उन्हें फंदे से उतारकर तुरंत टीएमएच अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सारिका देवी अपने पीछे लगभग 20 वर्ष की बेटी को छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस की पड़ताल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार को शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रारंभिक चरण में इसे पारिवारिक विवाद के कारण उठाया गया आत्मघाती कदम माना जा रहा है।