Jharkhand Big News: हजारीबाग के अंसार नगर में गुरुवार सुबह केंद्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने दांत के डॉक्टर जमिल के घर पर छापा मारा. अचानक हुई कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. एनआईए की टीम तड़के घर पहुंची और तलाशी शुरू की. तलाशी के दौरान घर के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे.
सक्रिय आतंकी नेटवर्क और टेरर फंडिंग से जुड़ा है मामला
छापेमारी के दौरान एनआईए टीम के साथ 20 से अधिक सीआरपीएफ जवान मौजूद थे. पुरुष और महिला दोनों जवान घर के अंदर और बाहर तलाशी अभियान में सक्रिय रहे. सूत्र बताते हैं कि यह कार्रवाई हजारीबाग में सक्रिय आतंकी नेटवर्क और टेरर फंडिंग से जुड़े एक बड़े मामले की जांच का हिस्सा है. इसी कड़ी में डॉ जमिल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.
सूत्रों के मुताबिक छापेमारी संदिग्ध गतिविधियों के इनपुट मिलने के बाद की गई. बीते कुछ हफ्तों से अंसार नगर में संदिग्ध लोगों की आवाजाही और डिजिटल संवाद को लेकर अलर्ट था. इन इनपुट के आधार पर एनआईए ने कार्रवाई की योजना तैयार की और टीम को मौके पर भेजा. तलाशी अभियान चलाया गया.
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच शुरू
एनआईए की टीम को घर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल सामग्री मिली है. बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है. जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या कोई स्थानीय या बाहरी नेटवर्क डॉक्टर से जुड़ा हुआ था और क्या कोई वित्तीय लेनदेन संदिग्ध तरीके से किया गया था.
किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हुए हैं तार?
एनआईए की यह कार्रवाई हजारीबाग और आसपास के इलाकों में सक्रिय नेटवर्क को लेकर केंद्र की गंभीरता को दर्शाती है. जब्त किए गए डिजिटल उपकरण और दस्तावेज जांच के अगले चरण में अहम भूमिका निभा सकते हैं. आगे की जांच से यह स्पष्ट होगा कि यह मामला स्थानीय स्तर तक सीमित है या इसके तार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हुए हैं.