Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एक युवक को दबोचने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी के दौरान देवल मंडल नामक ब्राउन शुगर सप्लायर को 15 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया।
बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन
बरामद की गई नशीले पदार्थ का कुल वजन लगभग 2.35 ग्राम बताया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरोपी इन क्षेत्रों में करता था ब्राउन शुगर की आपूर्ति पूरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवल मंडल लंबे समय से हाता, हल्दीपोखर, रसूनचोपा, कलिकापुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में ब्राउन शुगर की आपूर्ति करता था। उसके नेटवर्क को लेकर पुलिस को पिछले कई दिनों से लगातार इनपुट मिल रहे थे। इसी सूचना के आधार पर पोटका थाना पुलिस ने टीम गठित कर विशेष अभियान चलाया और सफलतापूर्वक आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस की नशे कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई
थाना प्रभारी मनोज कुमार मुर्मू ने बताया कि क्षेत्र से नशे के सौदागरों को खत्म करने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है और ऐसे अवैध कार्यों में लिप्त लोगों पर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि “पुलिस का उद्देश्य इलाके को नशामुक्त बनाना है। इसी दिशा में अभियान चलाया गया और आगे भी इस तरह की कार्रवाई बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी। नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”