Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-08

Seraikela News: उपायुक्त ने की आपूर्ति विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

Seraikela News: सरायकेला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आपूर्ति विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में उपायुक्त द्वारा विभाग अंतर्गत संचालित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), खाद्यान्न आपूर्ति, दाल-भात योजना, डाकिया योजना, धान अधिप्राप्ति एवं भुगतान, चावल दिवस, सोना सोबरन धोती-साड़ी योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, ई-केवाईसी, डीलर टैगिंग-रीटैगिंग, NFSA अंतर्गत खाद्यान्न वितरण सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई.

उपायुक्त ने कहा कि विभागीय योजनाओं का मूल उद्देश्य पात्र लाभुकों को समय पर लाभ उपलब्ध कराना तथा संपूर्ण प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है. उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के संचालन में लाभुकों की सुविधा, गुणवत्तापूर्ण सेवा और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए.

बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न का समय पर वितरण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने पीडीएस डीलरों द्वारा वितरण में प्राप्त शिकायतों की त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने, शत-प्रतिशत कार्डधारियों का केवाईसी पूर्ण कराने तथा जिन क्षेत्रों में तकनीकी या नेटवर्क संबंधी बाधाएं हैं, वहां विशेष शिविर आयोजित कर शेष कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए. उन्होंने यह भी कहा कि जिन लाभुकों द्वारा ई-केवाईसी में सहयोग नहीं किया जा रहा है या अनावश्यक विलंब किया जा रहा है, उनकी स्थलीय जाँच कर नियमानुसार नाम विलोपित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए.

इसी क्रम में उपायुक्त ने सभी निलंबित डीलरों के जांच प्रतिवेदन शीघ्र जिला मुख्यालय में उपलब्ध कराने तथा प्रखंड/अनुमंडल कार्यालय से प्राप्त जांच रिपोर्ट एवं अनुशंसाओं के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश जिला आपूर्ति पदाधिकारी को दिया. उन्होंने नमक सहित सभी खाद्यान्न एवं अन्य वस्तुओं के वितरण में लक्ष्य प्राप्ति, गोदामों में खाद्यान्न बोरियों का मानक अनुरूप सुरक्षित भंडारण, तथा दिसंबर माह के वितरण कार्य की प्रगति पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा प्रतिदिन निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया.

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, गोदाम प्रबंधक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !