जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को गुप्त सूचना मिली थी कि हेसवे बाजारटोली निवासी नसीम अंसारी जे जे एम पी नक्सली संगठन का समर्थक है और उसके पास अवैध हथियार व गोलियां छुपाकर रखी गई हैं। सूचना की सत्यता की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने नसीम अंसारी एवं श्यामलाल यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने साके पहाड़ इलाके में छुपाकर रखे गए हथियारों का भंडार बरामद किया। बरामद सामान में 7.65 एमएम के दो पिस्टल, इंसास राइफल के 82 जिंदा कारतूस तथा 0.315 बोर के 3 जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस ने सभी हथियारों और कारतूस को जब्त कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी नक्सली संगठन के लिए हथियार रखने और छुपाने का काम कर रहे थे। दोनों से नक्सली नेटवर्क, उनके संपर्कों तथा अन्य संभावित ठिकानों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस पूछताछ से संगठन से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सकता है।
पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि जिले में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है तथा नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।