Saraikela News: कांड्रा में शुक्रवार को ट्रैफिक नियंत्रण के दौरान पुलिस और कांग्रेस नेता प्रकाश कुमार राजू के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जिससे स्थानीय राजनीति गरमा गई है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह नियमों के तहत हुई, जबकि नेता इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं।
दरअसल, प्रकाश कुमार राजू बिना हेलमेट बाइक चलाते पकड़े गए। पुलिस ने वाहन रोककर दस्तावेज जांचे और थाने ले जाकर चालान प्रक्रिया शुरू की। राजू ने चालान कटवाने पर जोर देते हुए इसे पुलिस की मनमानी बताया। पुलिस के मुताबिक, राजू खुद कह रहे थे, "गाड़ी नहीं, मेरा चालान काटिए।"
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नेता भी आम नागरिक की तरह मोटर वाहन अधिनियम के दायरे में हैं, बिना हेलमेट चलाना जुर्माना योग्य अपराध है। उधर, राजू ने कांड्रा पुलिस पर अतिक्रमण, पार्किंग अव्यवस्था और रंगदारी वसूली के आरोप लगाए। पुलिस ने इसे जुर्म छिपाने का प्रयास बताया और कहा कि वे नियमित रूप से ट्रैफिक सुधार अभियान चलाते हैं।
कांड्रा थाना प्रभारी बिनोद मुर्मू ने स्पष्ट किया, "कानून सबके लिए समान है। नियमों से समझौता नहीं होगा।" पुलिस ने इस घटना को राजनीतिक प्रपंच बताते हुए ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने का अभियान और तेज करने की बात कही।