Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी के समन की अवहेलना से जुड़े मामले में शनिवार को दोपहर 2 बजे एमपी-एमएलए विशेष अदालत में पेश होने वाले हैं। उनकी पेशी को देखते हुए अदालत परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी कर दी गई है। जिला प्रशासन की ओर से अदालत परिसर तथा उसके आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा की निगरानी स्वयं एसपी द्वारा की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा संबंधी चूक न हो।
8 समन को किया नजर अंदाज
बता दें कि ईडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कथित जमीन घोटाले मामले में पूछताछ के लिए कुल 10 समन जारी किए थे। इनमें से केवल दो समन पर ही उन्होंने उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज कराया, जबकि बाकी समन को उन्होंने अनदेखा कर दिया। ईडी ने इसे समन की अवहेलना मानते हुए अदालत की शरण ली। इसके बाद मुख्यमंत्री ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर समन और पेशी से राहत की मांग की।
अदालत ने आदेश दिया कोर्ट में। उपस्थित होने को
हाई कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए हेमंत सोरेन को अस्थायी राहत तो दी, लेकिन साथ ही यह भी आदेश दिया कि उन्हें कम से कम एक बार विशेष अदालत के समक्ष सशरीर उपस्थित होना होगा। कोर्ट के इसी निर्देश का पालन करते हुए मुख्यमंत्री अब एमपी-एमएलए विशेष अदालत में पेश होंगे।