Seraikela News: सरायकेला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में भूमि संरक्षण योजनाओं के चयन को लेकर समीक्षा बैठक हुई. बैठक में कृषि यंत्र, तालाब निर्माण/जीर्णोद्धार सहित विभाग के विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई.
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि योजनाओं के चयन और किसानों के चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, नियमानुसार और निष्पक्ष हो. उन्होंने कहा कि चयन में किसी अनियमितता की गुंजाइश न रहे, इसके लिए सभी प्रखंडों के प्रस्तावों का परीक्षण जरूरी है.
तालाब निर्माण/जीर्णोद्धार के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रखंडों से मिली अनुशंसाओं का परीक्षण कर प्राथमिकता सूचियों को स्वीकृत करने को कहा गया. जिन लाभुकों को पहले लाभ नहीं मिला, उन्हें प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने पदाधिकारियों को कार्यशैली सुधारने और योजनाओं का समयबद्ध, प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा.
कृषि यंत्रों का लाभ इच्छुक और सक्रिय कृषक समूहों को प्राथमिकता से देने का भी निर्देश दिया गया, ताकि वे आधुनिक तकनीक अपनाकर उत्पादन बढ़ा सकें. बैठक में जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, कृषि पदाधिकारी, सहकारिता पदाधिकारी, DPM JSLPS, तकनीकी सहायक और अन्य विभागीय पदाधिकारी-कर्मी मौजूद थे.