Ramgarh Crime News: रामगढ़ जिले के भुरकुंडा रेलवे साइडिंग फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने आरोपी अजय कुमार यादव उर्फ छोटू लंगडा को पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर लिया है. वह पतरातू ब्लॉक मोड़ का रहने वाला है. कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है. इसकी जानकारी पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने भदानीनगर ओपी परिसर में प्रेस वार्ता कर दी.
एसडीपीओ ने बताया कि एसपी अजय कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि फायरिंग कांड का प्राथमिकी अभियुक्त अजय कुमार यादव अपने घर के पास स्थित एक शादी समारोह में आया हुआ है और उसी इलाके में घूम रहा है. सूचना मिलने पर एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन करने का निर्देश दिया. टीम में पतरातू इंस्पेक्टर सतेंद्र सिंह, भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली और बरकाकाना ओपी प्रभारी उमाशंकर वर्मा शामिल थे.
टीम ने पतरातू ब्लॉक मोड़ के आसपास घेराबंदी की. पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही आरोपी भागने लगा लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. बाद में उसे थाने लाया गया जहां पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. आरोपी ने स्वीकार किया कि भदानीनगर रेलवे साइडिंग गेट के सामने उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की थी. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पिस्तौल और गोली बरामद कर ली है.
यह गिरफ्तारी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ती निगरानी का संकेत है. रेलवे साइडिंग क्षेत्र में हुई फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे लेकिन इस कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता का संदेश जाता है. आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करना और हथियार की बरामदगी मामले को मजबूत करता है. आगे की जांच यह तय करेगी कि घटना के पीछे और कौन लोग शामिल थे और इसकी मंशा क्या थी.