सूचना पाते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में शेखर को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसके शरीर में करीब तीन राउंड गोली मारी गई थी और बेहद नजदीक से फायरिंग की गई थी। अत्यधिक खून बहने और गंभीर घाव के कारण कुछ देर बाद शेखर की मौत हो गई।
मृतक शेखर नया कोर्ट के पास स्थित एक निजी पार्किंग में काम करता था और हर रात काम से लौटता था। बहन सरस्वती दास ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शेखर का स्थानीय युवक राहुल सिंह और उसके साथी डब्लू (देवनगर निवासी) से पुराना विवाद चल रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि उसी विवाद के चलते दोनों ने मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया होगा।
बताया जाता है कि राहुल सिंह देवनगर में अवैध दारू भट्टी चलाता है, जिससे इलाके में अक्सर तनाव की स्थिति बनी रहती थी। शेखर और राहुल के बीच कई बार झड़प भी हुई थी, और परिवार का दावा है कि उन्हें पहले भी धमकियां दी गई थीं।
फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। संदिग्ध राहुल सिंह और डब्लू की तलाश तेज कर दी गई है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए हैं, जबकि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।