दुकान में आता था, नाश्ता करता और बिना पैसे दिए भाग जाता
दुकानदार परमेश्वर गोप ने बताया कि विगत कई दिनों से कुम्हार पाड़ा निवासी अंगद सिंह अपने साथियों के साथ उसकी दुकान पर आता था। वह आलूचप, मिठाई, सिंघाड़ा सहित अन्य नाश्ता करता, लेकिन पैसे देने से इनकार कर देता था। पैसे मांगने पर उसने कई बार मारपीट की धमकी दी और ₹10,000 मासिक रंगदारी की मांग करता था।
30 तारीख को किया बड़ा उत्पात: चाकू गले पर रखकर दी जान से मारने की धमकी
परमेश्वर ने बताया कि 30 तारीख को आरोपी फिर दुकान पहुंचा और पहले की तरह नाश्ता किया। जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो अंगद सिंह ने चाकू उसकी गर्दन पर सटा दिया। इसके बाद वह गल्ला से ₹3000 नकद ले गया और लगभग ₹1000 की मिठाई-नाश्ते का सामान भी उठा ले गया। जाते-जाते उसने फिर धमकी दी कि आगे से ₹10,000 रंगदारी दो, वरना दुकान चलाना मुश्किल कर दिया जाएगा।
सोनारी थाना की त्वरित कार्रवाई: मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
परमेश्वर गोप की लिखित शिकायत पर सोनारी थाना कांड संख्या 151/2025 दर्ज किया गया। मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 308(4) और 308(5) के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर आरोपी अंगद सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में मंडल कारा भेज दिया गया।