Jharkhand News: झारखंड एसीबी ने आईएएस विनय चौबे के ससुर सत्येंद्र नाथ त्रिवेदी और साले शिपिज त्रिवेदी को समन भेजा है. एसीबी ने दोनों को पूछताछ के लिए तलब किया है. अब नजर इस बात पर है कि क्या दोनों आरोपी गुरुवार को एसीबी के सामने पेश होते हैं या नहीं. माना जा रहा है कि एसीबी विनय चौबे की आय से अधिक संपत्ति मामले में उनसे विस्तृत पूछताछ कर सकती है.
आईएएस विनय चौबे पहले से शराब घोटाला, वन भूमि घोटाला और सेवायत भूमि घोटाला मामले में आरोपों का सामना कर रहे हैं. इसी बीच एसीबी ने उनके खिलाफ नई एफआईआर दर्ज की है. इस एफआईआर का नंबर 20/2025 है. इसमें विनय चौबे के साथ उनकी पत्नी स्वप्न संचिता, नेक्सजेन के मालिक विनय सिंह, उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह, विनय सिंह के साले शिपिज त्रिवेदी, शिपिज की पत्नी प्रियंका त्रिवेदी और विनय चौबे के ससुर सत्येंद्र नाथ त्रिवेदी को अभियुक्त बनाया गया है. सभी पर भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धाराएं 13(1)(b) और 13(2) तथा भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 49 और 61(2) के तहत मामला दर्ज है.
एसीबी की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि सभी आरोपियों ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने और उसे निवेश करने में सहयोग किया है. जांच एजेंसी ने पाया है कि विनय चौबे की ज्ञात और वैध आय अब तक 2.20 करोड़ रुपये है. जबकि उनके नियंत्रण वाले खातों और रिश्तेदारों तथा सहयोगियों के खातों में कुल 3.47 करोड़ रुपये आये हैं. यानी लगभग 1.27 करोड़ रुपये ऐसी आय के रूप में सामने आये हैं जिनका स्रोत स्पष्ट नहीं है. यह उनकी ज्ञात आय से 53 प्रतिशत अधिक बताया गया है.
एसीबी की यह कार्रवाई बताती है कि एजेंसी आय से अधिक संपत्ति के मामलों में रिश्तेदारों और सहयोगियों की भूमिका की भी बारीकी से जांच कर रही है. घोटालों से जुड़े पहले के आरोपों के बाद नई एफआईआर ने मामले को और गंभीर बना दिया है. आने वाले दिनों में तलब किये गये आरोपियों की उपस्थिति और उनके बयान जांच की दिशा तय करेंगे.