Jharkhand News: दुमका में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सिदो कान्हू एयरपोर्ट परिसर में झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का विधिवत शुभारंभ किया. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन शिलान्यास किया और नियुक्ति पत्र तथा परिसंपत्तियों का वितरण भी किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संस्थान की नींव पूर्व में रखी गई थी लेकिन उसे आगे बढ़ाने की बजाय बंद कर दिया गया था. ऐसे कई संस्थानों को पहले उपेक्षित किया गया जिसने युवाओं के अवसर सीमित कर दिए. उन्होंने कहा कि अब सरकार ने इसे फिर से सक्रिय किया है ताकि राज्य के युवाओं को विमानन क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिले.
सीएम ने कहा कि अब झारखंड का युवा हवाई जहाज में चढ़ेगा और उड़ाएगा भी. यहां प्रशिक्षण लेकर युवा पायलट बन सकेंगे. चयन प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से होगा जिसमें कुल 30 युवाओं को प्रवेश मिलेगा. इनमें से आरक्षित वर्ग के 15 युवाओं को राज्य सरकार पूरी स्कॉलरशिप पर प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगी.
राज्य सरकार का यह कदम युवाओं को नए करियर विकल्प देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. झारखंड में विमानन क्षेत्र के लिए संस्थागत प्रशिक्षण की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी. फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के शुरू होने से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे बल्कि राज्य की छवि भी नई ऊंचाइयों तक जा सकती है.