Saraikela: सरायकेला के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रखंड और अंचल स्तर पर नियमित समन्वय बैठक आयोजित करें और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करें। उन्होंने यह भी कहा कि लाभुकों को सीधे विभागीय स्तर से लाभ और सेवाएं प्रदान की जाएं और किसी भी प्रकार की मध्यस्थता को समाप्त किया जाए।
शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के जन्म प्रमाणपत्र निर्गत करने और बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। कृषि विभाग को मिट्टी परीक्षण कार्य में तेजी लाने और सभी पंचायतों में समयबद्ध बीज वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। भूमि संरक्षण विभाग को तालाब निर्माण और जीर्णोद्धार कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया।
श्रम विभाग को निर्माण स्थलों पर सूचना-बैनर प्रदर्शित करने और योजनाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर,जिला परिवहन पदाधिकारी,जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला-चांडिल विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी-अंचलाधिकारी मौजूद रहें।