Big News: बिहार चुनाव के नतीजों ने लालू परिवार में गहरी दरार पैदा कर दी है. राबड़ी देवी और लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने अचानक तेजस्वी यादव से सार्वजनिक दूरी बना ली और पार्टी के भीतर कुछ लोगों पर राजद के खराब प्रदर्शन का ठीकरा फोड़ दिया. जिन नामों पर उन्होंने उंगली उठाई है, उनमें तेजस्वी और उनके करीबी संजय यादव के साथ रमीज नेमत का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है.
हत्या, हत्या का प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में 11 मुकदमे दर्ज
रमीज नेमत उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता और समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद रिजवान जहीर का दामाद है. जहीर इन दिनों ललितपुर जेल में बंद हैं. रमीज पर बलरामपुर और कौशांबी जिलों में हत्या, हत्या का प्रयास, बलवा और अन्य गंभीर धाराओं में 11 मुकदमे दर्ज हैं. वह नगर पंचायत तुलसीपुर के पूर्व चेयरमैन फिरोज पप्पू की हत्या के मामले में आरोपी है और इसी केस में उसका ससुर रिजवान जहीर भी जेल में है.
फिरोज पप्पू की हत्या तीन साल पहले चार जनवरी 2022 की रात हुई थी. वारदात में सिर पर वार किया गया और बाद में गला रेतकर हत्या कर दी गई थी. जांच में पुलिस ने भाड़े के आरोपियों के साथ रिजवान जहीर, उनकी बेटी जेबा और उनके दामाद रमीज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
इस बीच रमीज का नाम एक और हत्या से जुड़ गया. यह मामला कौशांबी जिले के कोखराज थाने में दर्ज है. आरोप है कि फिरोज पप्पू केस में गिरफ्तार शकील अहमद जमानत पर रिहा होने के बाद सात अक्टूबर 2023 को हत्या कर दी गई. शकील के भाई अफरोज ने रमीज के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई, जिसमें दावा किया गया कि 25 लाख रुपये के विवाद में रमीज ने शकील को बुलाया और उसकी हत्या कर शव रेलवे लाइन के पास फेंक दिया गया.
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार रमीज नेमत पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हुई है. 11 जुलाई 2022 को उस पर एनएसए लगाया गया था, हालांकि बाद में एडवाइजरी बोर्ड की सिफारिश पर यह आदेश रद्द कर दिया गया. उत्तर प्रदेश सरकार ने गैंगस्टर एक्ट में बलरामपुर स्थित उसकी शीतलापुर की कोठी को कुर्क कर लिया है.
बताया जाता है कि जमानत पर छूटने के बाद रमीज सीधे बिहार पहुंचा और तेजस्वी यादव के करीब आ गया. यहां से उस पर राजद में रणनीतिक दखल देने के आरोप लगने लगे. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रमीज बलरामपुर के सांसद आवास शीतलापुर को ही अपना स्थायी पता बताता है. वह नियामतुल्लाह का बेटा है जो जामिया यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर थे. रमीज ने क्रिकेट खेलते हुए तेजस्वी यादव से दोस्ती की और बाद में अपने चाचा रिजवान जहीर की बेटी जेबा से शादी की.
रमीज नेमत का मामला केवल एक आपराधिक इतिहास वाला व्यक्ति भर का मामला नहीं है, बल्कि बिहार की राजनीतिक हलचल पर सीधे असर डालने वाली कड़ी साबित हो रहा है. राजद में उसके प्रभाव को लेकर उठे सवालों ने तेजस्वी यादव की नेतृत्व शैली और निर्णय क्षमता पर भी उंगलियां खड़ी कर दी हैं. रमीज के खिलाफ दर्ज गंभीर आपराधिक मामलों की संख्या और दो हत्याओं में नाम आने से यह मुद्दा केवल परिवारिक विवाद नहीं रहा. आने वाले दिनों में यह विवाद राजद की साख, विपक्ष की राजनीति और कानून व्यवस्था पर व्यापक चर्चा को जन्म दे सकता है.