Saraikela: सरायकेला-खरसावाँ जिले में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना के 25वें रजत पर्व अवसर पर बिरसा चौक व सिद्धू–कानू पार्क में माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा समाहरणालय परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तथा बिरसा चौक पर अवस्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
महान स्वतंत्रता सेनानियों को नमन
इसके अतिरिक्त, सिद्धू–कानू पार्क में अवस्थित महान स्वतंत्रता सेनानी सिद्धू–कानू की प्रतिमाओं पर भी अधिकारियों द्वारा माल्यार्पण कर नमन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने जिलेवासियों को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
जिलेवासियों को शुभकामनाएँ
उपायुक्त ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, अमर वीर सिद्धू–कानू एवं अन्य महापुरुषों का संघर्ष, त्याग और नेतृत्व झारखंड की अस्मिता, स्वाभिमान एवं विकास की आधारशिला हैं। उनकी दूरदृष्टि, सामाजिक चेतना और न्याय की भावना राज्य को नई दिशा प्रदान करती है तथा समाज में जागरूकता, समानता एवं अधिकारों के प्रति सजगता का संदेश देती है।