Mango: बुधवार को जमशेदपुर के मानगो बस स्टैंड के गेट नंबर 5 के पास एक हैरान कर देने वाली घटना में बस का एक खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। खलासी पर अचानक सड़क पर आए एक सांड ने हमला कर दिया, और उससे बचने की कोशिश में वह सामने से आ रही एक कार से टकरा गया, जिससे उसका दाहिना पैर टूट गया।
घायल की पहचान
घायल की पहचान विमान महतो चाकुलिया निवासी के रूप में हुई है, जो बहरागोड़ा से टाटा ओम ट्रैवेल्स में खलासी का काम करता है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
हादसा
विमान महतो ने बताया कि उनकी बस मानगो स्टैंड पर खड़ी थी और वह पास के एक होटल में खाना खाने के लिए पैदल जा रहा था। तभी बाईं ओर से एक सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। इस अचानक हमले से बचने के लिए विमान महतो सड़क की ओर भागे, लेकिन सामने से आ रही कार से टकरा गए और सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में उनका दाहिना पैर टूट गया और शरीर पर कई जगह चोटें आईं।घटना के बाद वहाँ अफरातफरी मच गई। आस-पास मौजूद लोगों ने किसी तरह सांड को खदेड़ा और घायल खलासी को अस्पताल पहुँचाया।
स्थानीय लोगों ने की प्रशासन से मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि मानगो बस स्टैंड क्षेत्र में आवारा मवेशियों का घूमना एक आम समस्या है, जिससे अक्सर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन की उदासीनता को उजागर किया है। लोगों ने प्रशासन से तुरंत क्षेत्र में आवारा मवेशियों को पकड़ने और नियंत्रित करने की ठोस व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी गंभीर दुर्घटनाएँ दोबारा न हों।