Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-11-10

Delhi Blast: लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास भीषण धमाका, 10 की मौत, दिल्ली हाई अलर्ट पर, आतंकी साजिश की आशंका, देखिए वीडियो

Delhi: देश की राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक भीषण धमाके से दहल उठी। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुए इस विस्फोट में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस वीभत्स घटना के बाद पूरे दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां इसे एक संभावित आतंकी साजिश के तौर पर देख रही हैं।


इको वैन में हुआ धमाका, 3 गाड़ियां आग की चपेट में

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, यह धमाका एक सफेद रंग की इको वैन में हुआ, जो उस समय रेड लाइट के पास धीमी गति से चल रही थी। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास खड़ी तीन अन्य गाड़ियां भी इसकी चपेट में आकर धू-धू कर जल उठीं। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों ओर धुआं और मलबा फैल गया, और लोग जान बचाने के लिए बेतहाशा भागने लगे।

उच्च श्रेणी के विस्फोटक के इस्तेमाल की आशंका

घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और बम निरोधक दस्ते की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। जांच अधिकारियों ने घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। शुरुआती जांच में विस्फोट की तीव्रता और प्रकृति को देखते हुए इसमें उच्च श्रेणी के विस्फोटक के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।

हालांकि, मौके पर मौजूद जांच टीमों ने कुछ विरोधाभासी तथ्य भी नोट किए हैं। धमाके के बाद घटनास्थल पर कोई गहरा गड्ढा नहीं बना है, और घायल या मृत लोगों के शरीर में कील या तार जैसे छर्रे नहीं मिले हैं, जो आमतौर पर आईईडी (IED) विस्फोटों में पाए जाते हैं। साथ ही, पीड़ितों के चेहरे या शरीर जलने के निशान नहीं हैं, जो आग से होने वाले नुकसान से अलग है। इन बिंदुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

जांच में जुटी एजेंसियां, संदिग्ध हिरासत में

धमाके के तुरंत बाद पुलिस ने पूरे लाल किला मेट्रो स्टेशन और आसपास के इलाके को सील कर दिया है। सुरक्षा बलों ने बैरिकेड लगाकर आवाजाही रोक दी है और ड्रोन के जरिए पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हरियाणा नंबर प्लेट वाली उस गाड़ी के रजिस्ट्रेशन धारक की पहचान कर ली है। कार मालिक का नाम सलमान बताया गया है, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस की एक टीम हरियाणा रवाना हुई है।

खुफिया एजेंसियां इस घटना को एक संभावित आतंकी साजिश के रूप में देख रही हैं। एनआईए अधिकारियों का कहना है कि धमाके के पीछे के मकसद और संदिग्धों के नेटवर्क का जल्द ही पर्दाफाश किया जाएगा। इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है, खासकर तब जब आज सुबह ही फरीदाबाद से आरडीएक्स और अन्य विस्फोटक मिलने की खबर सामने आई थी।

प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने किया दौरा

इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही देश के गृह मंत्री अमित शाह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और वहां के लोगों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी घायलों से मिलने एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं ताकि जल्द से जल्द इस साजिश के पीछे के दोषियों को पकड़ा जा सके

इस कायराना हरकत के बाद दिल्ली सहित हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान की सीमाओं पर कड़ी चेकिंग की जा रही है और पूरे देश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं ताकि जल्द से जल्द इस साजिश के पीछे के दोषियों को पकड़ा जा सके।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !