Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है. घोड़ाबांधा स्थित अपना आंगन में रहने वाली 73 वर्षीय महिला रीता दत्ता से अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने पर्स छीन लिया और फरार हो गए. इस पर्स में 52 हजार रुपये नकद, वोटर आईडी कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक ऑफ इंडिया का पासबुक, सात चेक बुक और एक सैमसंग मोबाइल था.
रीता दत्ता ने गोविंदपुर थाना में घटना की सूचना दी है. उन्होंने बताया कि वे दोपहर करीब 1.40 बजे बैंक ऑफ इंडिया की टेल्को शाखा से पैसे निकालकर निकली थीं. इसके बाद वे पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के घोड़ाबांधा स्थित घर के सामने बने प्रज्ञा केंद्र में लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने के लिए गईं. उसी दौरान एक बाइक सवार युवक तेज रफ्तार से आया और झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया.
महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक अपराधी मनपीटा की दिशा में भाग निकले. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गोविंदपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
यह घटना जमशेदपुर में बढ़ते सड़क अपराधों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है. दिनदहाड़े 73 वर्षीय महिला से पर्स छीनने की घटना यह दिखाती है कि अपराधी अब किसी भी डर के बिना खुलेआम वारदात को अंजाम दे रहे हैं. पुलिस गश्त की कमी और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा उपायों की अनदेखी इस तरह की घटनाओं को बढ़ावा दे रही है. प्रशासन के लिए यह एक चेतावनी है कि अगर समय रहते अपराध नियंत्रण पर सख्ती नहीं बरती गई, तो जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहरों में आम लोगों का सड़कों पर सुरक्षित निकलना मुश्किल हो जाएगा.