Dhanbad: धनबाद जिले में स्पॉन्सरशिप योजना के तहत सहायता प्राप्त करने वाले 395 अनाथ और जरूरतमंद बच्चों को जून 2025 के बाद से कोई राशि नहीं मिली है। इनमें कई बच्चे ऐसे हैं जिनके माता-पिता की मौत कोरोना महामारी के दौरान हुई थी। जिला प्रशासन ने इन बच्चों की सूची तैयार कर राज्य मुख्यालय को भेज दी है, लेकिन फंड आवंटन नहीं होने के कारण भुगतान रुका हुआ है।
जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अनुसार, जून 2025 में प्राप्त फंड से पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में चिन्हित 256 बच्चों को सहायता दी गई थी। जबकि 139 नए बच्चों को, जो वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए चयनित किए गए हैं, अब तक कोई आर्थिक सहायता नहीं मिल सकी है।
वहीं, योजना से जुड़े कई बच्चों का नाम 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने या तीन वर्ष तक लाभ मिलने के बाद सूची से हटा दिया गया है। हालांकि विभाग का कहना है कि कोरोना में अनाथ हुए किसी बच्चे का नाम सूची से नहीं हटाया गया है।
जिन बच्चों के माता-पिता दोनों की मृत्यु हो चुकी है और जिनके लिए कोई अभिभावक नहीं है, उन्हें आवासीय विद्यालय या आश्रय गृह में रखा जाता है। ऐसी स्थिति में उन बच्चों को प्रतिमाह मिलने वाली 4,000 रुपये की स्पॉन्सरशिप राशि नहीं दी जाती।
जिला उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि 395 बच्चों की सूची राज्य मुख्यालय को भेजी जा चुकी है। जैसे ही आवंटन प्राप्त होगा, सभी पात्र बच्चों के खातों में राशि भेज दी जाएगी।