Jamshedpur Kali Puja: अंधकार से प्रकाश की ओर अग्रसर यात्रा में मां काली की आराधना का पर्व इस वर्ष अपने 60वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है. जमशेदपुर के सबुज संघ सोनारी द्वारा आयोजित इस वर्ष की सर्वजनीक काली पूजा का भव्य उद्घाटन रविवार को हुआ.
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक सरयू राय ने संयुक्त रूप से किया. इस अवसर पर सबुज संघ सोनारी के चेयरमैन आर के शाही, वाइस चेयरमैन राज वर्मा, प्रेसिडेंट अशोक गोयल, महासचिव काजल मुखर्जी और सभी महिला सदस्य की गरिमामयी उपस्थिति रही.
उद्घाटन के पश्चात मां काली के चरणों में दीप प्रज्वलन और आरती के साथ पूजा उत्सव का शुभारंभ हुआ. माननीय अतिथियों ने मां काली से समृद्धि, सौहार्द और शांति की कामना की और सबुज संघ सोनारी के समाजसेवी प्रयासों की सराहना की.
आयोजक मंडल ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे इस आध्यात्मिक और सांस्कृतिक उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर मां काली का आशीर्वाद प्राप्त करें.
सबुज संघ सोनारी द्वारा आयोजित काली पूजा का 60वां वर्ष इस धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव की स्थायित्व और व्यापक लोकप्रियता को दर्शाता है. धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समावेश इस आयोजन को केवल पूजा तक सीमित नहीं रहने देता बल्कि समाज में भक्ति, संगीत और पारंपरिक कला को प्रोत्साहित करने का कार्य करता है. इस प्रकार के आयोजन स्थानीय समुदाय को एकत्रित करने, संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आध्यात्मिक अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं.