सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram ने नाबालिगों की ऑनलाइन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपने कंटेंट प्रोटेक्शन नियमों को और सख्त कर दिया है। अब 13 से 17 वर्ष की उम्र के यूजर्स को केवल वही पोस्ट, वीडियो या रील दिखाई देगा जो PG-13 फिल्मों की तरह हल्की, सुरक्षित और उम्र के अनुरूप होगा।
इस बदलाव का मकसद बच्चों को अश्लील, हिंसक या भ्रामक कंटेंट से दूर रखना है।
13+ मोड में चलेंगे सभी टीनेज अकाउंट
Instagram की पैरेंट कंपनी Meta ने बताया कि अब सभी टीन अकाउंट्स ऑटोमैटिक रूप से 13+ मोड में रखे जाएंगे। यानी 18 साल से कम उम्र के उपयोगकर्ता इस सेटिंग को अपने माता-पिता की अनुमति के बिना बदल नहीं पाएंगे।
क्या होंगे मुख्य बदलाव?
1. शराब, तंबाकू, नशे, गाली-गलौज, हिंसा और खतरनाक स्टंट जैसे कंटेंट अब नाबालिग यूजर्स की फीड से हट जाएंगे।
2. अब 18 साल से ऊपर या एडल्ट माने जाने वाले अकाउंट्स को 13–17 वर्ष के यूजर्स फॉलो नहीं कर सकेंगे। अगर पहले से फॉलो कर रखा है, तो ऐसे अकाउंट्स के पोस्ट और मैसेज ऑटोमैटिक ब्लॉक कर दिए जाएंगे।
3. Instagram का AI सिस्टम अब उम्र-फिल्टर के आधार पर काम करेगा, ताकि अनुचित या वयस्क सामग्री टीनेजर्स तक न पहुंचे।
माता-पिता को मिलेगा ज्यादा नियंत्रण
Meta ने यह भी बताया कि अब पैरेंट्स के पास अपने बच्चों के अकाउंट पर अधिक नियंत्रण होगा।
वे चाहें तो “सख्त सेटिंग (Strict Mode)” ऑन कर सकते हैं, जिससे बच्चा केवल सीमित और सुरक्षित कंटेंट ही देख सकेगा।
माता-पिता किसी भी ऐसी पोस्ट या वीडियो को रिपोर्ट कर सकते हैं, जो उन्हें अपने बच्चे के लिए अनुचित लगे।
पैरेंट्स ने बताया उपयोगी कदम
Meta द्वारा कराए गए सर्वे के अनुसार, 95% माता-पिता ने इस नए फीचर को सुरक्षित और मददगार बताया है। वहीं 90% पैरेंट्स का मानना है कि इससे उन्हें यह जानने में आसानी होगी कि उनके बच्चे सोशल मीडिया पर क्या देख रहे हैं और किन से क्या इंटरैक्ट कर रहे हैं।
सुरक्षित डिजिटल माहौल की दिशा में बड़ा कदम
पिछले कुछ वर्षों से टीनेजर्स के मानसिक स्वास्थ्य और सोशल मीडिया पर अनुचित कंटेंट की पहुंच को लेकर कई चिंताएं सामने आई थीं।
ऐसे में Instagram का यह नया कदम बच्चों की डिजिटल सुरक्षा की दिशा में एक सकारात्मक और ज़रूरी पहल मानी जा रहा है।