Jamshedpur : मानगो के परमजीत गिरोह से जुड़े तड़ीपार अपराधी गुड्डू पांडे के घर फायरिंग करने वाले आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मु़ंगेर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार देर शाम छापेमारी कर जमशेदपुर के उल्टीडीह निवासी आकाश नामता, मानगो के गौरव कुमार उर्फ राजा सिंह समेत चार आरोपियों को एक पिस्टल, 50 कारतूस, एक कार, चार मोबाइल और ₹32,480 नकद के साथ गिरफ्तार किया है।

मामला मु़ंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के मिर्जापुर मोहल्ले का है, जहां आकाश अपने साथियों के साथ हथियार खरीदने पहुंचा था। पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के नेतृत्व में एएसटीएफ व थाना पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक आरोपी बाइक से भाग निकला, जबकि कार में बैठे चार युवकों को दबोच लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों में शामिल हैं:
1. आकाश नामता (उलीडीह, जमशेदपुर)
2. गौरव कुमार उर्फ राजा सिंह (मानगो)
3. राजू कुमार (मु़ंगेर निवासी अशोक साह का पुत्र)
4. रामलखन सिंह उर्फ पत्थर सिंह (मु़ंगेर)
छापेमारी के दौरान एक आरोपी की कमर से पिस्टल और 50 कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में पता चला कि आकाश नामता गुड्डू पांडे के घर पर हुई फायरिंग घटना में शामिल था और हाल में हथियार खरीदने मु़ंगेर आया था। गौरव राजा सिंह, जो मानगो का निवासी है, पहले से अपराधी प्रवृत्ति का है और आकाश का करीबी दोस्त बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि फरार दो सप्लायरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि हथियारों की यह डील ₹30,000 में तय हुई थी, जिसमें एक पिस्टल और 50 कारतूस बेचे जा रहे थे।
मु़ंगेर पुलिस ने कहा:
“हथियारों की खरीद-बिक्री में शामिल पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। इस गिरोह का कनेक्शन जमशेदपुर के कई आपराधिक मामलों से जुड़ा है।”