Meta Description
Jamshedpur: आस्था स्पेस टाउन निवासी और क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सिंह की हत्या के विरोध में आगामी चार मई को एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम आस्था स्पेस टाउन परिसर स्थित मैदान में होगा, जिसमें देशभर से करणी सेना के सदस्य शामिल होंगे. सभा केवल श्रद्धांजलि देने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह न्याय की मांग को लेकर एकजुटता का प्रदर्शन भी होगा.
सरकार को सात सूत्री मांगपत्र, चेतावनी भी दी
करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि यदि हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई और पूर्व में सौंपे गए सात सूत्रीय मांगपत्र पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन किसी भी हद तक जाने को मजबूर होगा. उनकी प्रमुख मांगों में हत्यारों और षड्यंत्रकारियों की शीघ्र गिरफ्तारी, आवश्यकता होने पर सीबीआई या एनआईए से जांच, विनय सिंह की पत्नी को सरकारी नौकरी, परिवार को 5 करोड़ का मुआवजा, बच्चों की शिक्षा का संपूर्ण खर्च सरकार वहन करे, परिवार की सुरक्षा हेतु हथियारबंद पुलिस की तैनाती और फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से त्वरित न्याय शामिल है.
सरकार पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
डॉ. शेखावत ने सरकार पर आरोप लगाया कि अब तक ना तो किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, और ना ही मांगों पर कोई ठोस कदम उठाया गया है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और राज्य सरकार की होगी.