Ghatshila By-Election: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति को पूरी तरह गति दे दी है. 11 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है. इस सूची में केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, पूर्व मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है, जो उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में व्यापक प्रचार अभियान चलाएंगे.
भाजपा ने इस चुनाव को प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए पांच केंद्रीय मंत्रियों, तीन वर्तमान मुख्यमंत्रियों और पांच पूर्व मुख्यमंत्रियों को मैदान में उतारा है. स्टार प्रचारकों में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जुएल उरांव, डॉ वीरेंद्र कुमार खटीक, अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ शामिल हैं. इसके अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, ओड़िशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और अन्य वरिष्ठ नेता प्रचार का नेतृत्व करेंगे.
झारखंड की राजनीति के कई बड़े चेहरे भी इस सूची का हिस्सा हैं. इनमें झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा का नाम शामिल है. पार्टी ने केंद्रीय स्तर से लेकर राज्य के दिग्गज नेताओं तक को अभियान में उतारकर स्पष्ट कर दिया है कि घाटशिला उपचुनाव उसके लिए कितना महत्वपूर्ण है.
इसके अलावा सांसद आदित्य साहू, लक्ष्मीकांत वाजपेई, नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, सांसद विद्युत वरण महतो, सांसद निशिकांत दुबे, दुल्लु महतो, नवीन जायसवाल, डॉ रविंद्र कुमार राय, डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, दीपक प्रकाश, अमर बावरी, सुनील सोरेन और गीता कोड़ा जैसे नेता भी मतदाताओं तक पार्टी संदेश पहुंचाएंगे. साथ ही सीपी सिंह, अमित यादव, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, बालमुकुंद सहाय, बड़कुंवर गागराइ, आरती कुजूर, मनोज सिंह, सुनीता सिंह, रामकुमार पाहन, किशन दास, कोचे मुंडा और अभय सिंह को भी अभियान में शामिल किया गया है.
घाटशिला में मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है और भाजपा का यह प्रचार तंत्र संकेत देता है कि पार्टी किसी भी स्तर पर कोताही नहीं बरतना चाहती. सभी की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि इतने बड़े नेताओं की मौजूदगी का प्रभाव अंतिम परिणाम पर कितना पड़ता है.