Jamshedpur News: बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत भवन में हुई चोरी और आगजनी की घटना को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश को दस सूत्री मांग पत्र सौंपा है. प्रतिनिधियों ने इस घटना को मात्र चोरी नहीं बल्कि गबन के साक्ष्य छिपाने की साजिश बताया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है.
मांग पत्र में कहा गया है कि शनिवार को पंचायत भवन में मौजूद महत्वपूर्ण दस्तावेजों को जानबूझकर जलाया गया और पूरी घटना को चोरी का रूप देने की कोशिश की गई. प्रतिनिधियों का आरोप है कि यह सब गड़बड़ी से जुड़े कागजों को मिटाने और सच्चाई को दबाने की नीयत से किया गया है. इस लिहाज से पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.
दस सूत्री मांगों में पंचायत भवन के सुंदरीकरण के लिए सरकार द्वारा दी गई पंद्रह हजार रुपये की राशि के सही उपयोग की मांग शामिल है. साथ ही पंचायत भवन का मुख्य गेट निर्माण, पूरी इमारत में सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था, चौकीदार या गार्ड की नियुक्ति, जर्जर भवन की मरम्मत, रोजाना सुबह और शाम भवन को नियमित रूप से खोलने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई है.
इसके अलावा भवन परिसर और आसपास उचित प्रकाश व्यवस्था की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई है ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक पंचायत भवन सुरक्षित और सुव्यवस्थित नहीं होगा, तब तक ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका बनी रहेगी.
वीडियो सुमित प्रकाश ने प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी बताया कि वे स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर चुके हैं और स्थिति का जायजा लिया है.
ज्ञात हो कि पंचायत प्रतिनिधियों ने इस घटना को लेकर बागबेड़ा थाना प्रभारी को भी लिखित आवेदन दिया है और पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते दोषियों को नहीं पहचाना गया तो पंचायत की पारदर्शिता और जनता का विश्वास दोनों प्रभावित होंगे.
इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उपमुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड सदस्य सीमा पांडे और प्रतिनिधि अरविंद पांडे मौजूद रहे. सभी ने एक सुर में कहा कि यह केवल चोरी की घटना नहीं बल्कि पंचायत व्यवस्था के खिलाफ एक षड्यंत्र है, जिसका सच सामने आना बेहद जरूरी है.