Jamshedpur Crime : मानगो डिमना रोड स्थित संजय पथ में रविवार तड़के हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी टेका चौधरी उर्फ दीपक चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। वह जमशेदपुर के आस्था स्पेस टाउन, मानगो का रहने वाला है।
गिरफ्तारी के साथ हथियार भी बरामद
उलीडीह थाना पुलिस ने छापेमारी कर टेका चौधरी को पकड़ा और उसके पास से पिस्तौल समेत अन्य हथियार जब्त किए। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के दौरान टेका चौधरी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
सीसीटीवी में साफ दिखी थी वारदात
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में टेका चौधरी और उसका साथी दोनों हथियार लेकर फायरिंग करते दिखे थे।
उन्होंने पहले घर की कॉल बेल बजाई, फिर गाली गलौज करते हुए दोनों हाथों से गोलियां बरसाईं।
यह पूरा घटनाक्रम सुबह करीब 5 बजे का है, जिससे पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई थी।
जिस घर पर फायरिंग की गई, वह तड़ीपार घोषित अपराधी गुड्डू पांडेय का है। घटना के वक्त वह घर पर नहीं था, क्योंकि प्रशासन ने उसे शहर से तड़ीपार किया हुआ है। फायरिंग के दौरान घर के अंदर मौजूद परिजन किसी तरह जान बचाकर भीतर छिप गए।
पुराने विवाद का बदला
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टेका चौधरी और गुड्डू पांडेय के बीच पिछले वर्ष विवाद हुआ था,
जिसमें गुड्डू ने टेका की पिटाई की थी। माना जा रहा है कि यह फायरिंग उसी विवाद का बदला थी।
अपराधी इतिहास और गिरोह संबंध
टेका चौधरी का अपराध जगत से पुराना नाता है।
वह शातिर अपराधी अमरनाथ सिंह की हत्या मामले में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था।
शिकायत और कार्रवाई
इस घटना के बाद गुड्डू पांडेय के पिता बिजेंद्र पांडेय ने उलीडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में टेका चौधरी और उसके साथी का नाम शामिल किया गया था। फिलहाल पुलिस दूसरे फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।