Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान आज हो सकता है. चुनाव आयोग के ऐलान के साथ ही पूरे राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी. इस बार के चुनाव को लेकर चर्चा है कि मतदान दो चरणों में हो सकता है. पिछली बार जहां तीन चरणों में वोटिंग हुई थी, वहीं इस बार त्योहारों के कारण केवल नवंबर का महीना ही चुनाव के लिए उपलब्ध है. विपक्षी दल, खासकर राष्ट्रीय जनता दल, ने आयोग से दो चरणों में मतदान कराने की मांग की है, जबकि सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड एक चरण में चुनाव कराने के पक्ष में हैं.
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को पटना में विभिन्न दलों से बातचीत की थी, लेकिन उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में तारीखों पर कुछ नहीं कहा. रविवार शाम वे दिल्ली लौट आए और अब आज, सोमवार को शाम चार बजे दिल्ली स्थित निर्वाचन आयोग मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी. माना जा रहा है कि इसी दौरान बिहार चुनाव की तारीखों की घोषणा हो जाएगी. हालांकि, आयोग की तैयारी और संकेतों को देखते हुए संभावना जताई जा रही थी कि अधिसूचना 7 अक्टूबर के बाद जारी होगी.
दो चरणों में चुनाव की संभावना क्यों बढ़ी
पिछले तीन दशकों में बिहार विधानसभा चुनाव आमतौर पर पांच से छह चरणों में कराए जाते रहे हैं. 2010 में चुनाव छह चरणों में हुआ था, 2015 में पांच और 2020 में तीन चरणों में. इस बार स्थिति कुछ अलग है. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के कारण दुर्गा पूजा से पहले तैयारियां पूरी नहीं हो सकी थीं. अब अक्टूबर में दीपावली और उसके बाद लोक आस्था का पर्व छठ है. ऐसे में 27 या 28 अक्टूबर तक मतदान कराना व्यावहारिक नहीं माना जा रहा.
राजनीतिक दलों ने भी छठ के बाद मतदान की तारीखें तय करने की मांग की है. इसके अलावा विधानसभा के कार्यकाल की समयसीमा को देखते हुए 22 नवंबर से पहले नई सरकार का गठन होना आवश्यक है. यही कारण है कि आयोग दो चरणों में चुनाव कराने पर विचार कर सकता है ताकि समय और व्यवस्था दोनों का संतुलन बना रहे.