Jamshedpur : गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढ़ाबासा में अजय बासा उर्फ झंटू की हुई नृशंस हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी संदीप समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया है कि संदीप और उसका साथी भारत साहू तंत्र-मंत्र में सिद्धि पाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिए।
पुलिस के अनुसार सोमवार की रात केबल टाउन स्थित किराए के कमरे में पार्टी के बहाने अजय बासा को बुलाया गया। शराब पार्टी के दौरान उसे बेहोश कर एक बड़ा बक्से में बंद कर दिया गया। यह बक्सा संदीप और भारत साहू ने उसी दिन खरीदा था। बाद में आरोपी बक्से को गाढ़ाबासा स्थित संदीप के घर ले गए, जहां कथित तंत्र-मंत्र की पूजा के दौरान अजय का गला रेतकर उसकी बलि दी गई।
जानकारी के मुताबिक अजय के शरीर से निकला खून भी पूजा में चढ़ाया गया। पड़ोसियों की सूचना पर थाना प्रभारी संजय सुमन मौके पर पहुंचे और घायल अजय को अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटनास्थल से पुलिस ने चाकू, बक्सा, रस्सी और पूजा सामग्री बरामद की है।
मुख्य आरोपी संदीप की गिरफ्तारी के बाद उसके सहयोगी भारत साहू को भी दबोचा गया। दोनों से मिली जानकारी पर पुलिस ने संदीप के भाई, मां और बड़ी बहन को भी हिरासत में लिया। पूछताछ में संदीप ने सनसनीखेज खुलासा किया कि उसने एक साल पहले अजय के पिता की मौत भी तंत्र-मंत्र के जरिए कराई थी और बाद में उनका होटल हड़प लिया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि संदीप लंबे समय से अजय को अपने वश में करने का प्रयास कर रहा था और उसकी बलि की योजना पहले से बनाई गई थी। संदीप के परिवार में पहले भी कई संदिग्ध घटनाएं हो चुकी हैं। उसके पिता की आत्महत्या को लेकर मंगलवार को इलाके में बवाल की स्थिति बन गई।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगी है, जिसमें घटना से जुड़ी कई अहम सुराग साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का सच सामने लाया जाएगा।