Jamshedpur News: जमशेदपुर पुलिस ने एक अहम सफलता दर्ज की है. बिरसानगर निवासी गुरुचरण गोराई का खोया हुआ करीब 15 लाख रुपये का कीमती सामान पुलिस ने पूरी मेहनत के बाद ढूंढ निकाला. यह उपलब्धि बर्मामाइंस थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव और उनकी टीम की सतर्कता व त्वरित कार्रवाई से संभव हो सकी.
26 सितंबर को गुरुचरण गोराई टाटानगर स्टेशन से ऑटो में बैठकर अपने घर बिरसानगर लौट रहे थे. रास्ते में ट्यूब कंपनी गेट के पास उनका बैग ऑटो से नीचे गिर गया. इस बैग में सोने-हीरे के जेवर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और कई जरूरी दस्तावेज थे. बैग गुम होने की जानकारी मिलते ही उन्होंने बर्मामाइंस थाना में आवेदन देकर पुलिस से मदद मांगी.
थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम बनाई. उपनिरीक्षक कृष्ण महतो और विनय कुमार पांडेय समेत अन्य पुलिसकर्मी लगातार तीन दिनों तक अलग-अलग जगहों पर जांच-पड़ताल करते रहे. आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और पूरा सामान सुरक्षित बरामद कर लिया गया.
बरामद सामान में एचपी कंपनी का एक लैपटॉप, निकोन कंपनी का एक कैमरा, एक सोने का हार, दो हीरे की अंगूठियां, पांच सोने की अंगूठियां, चार झुमके, एक सोने का बटन, दो हीरे के रिंग, एक सोने का लॉकेट, घरेलू कागजात और बैंक पासबुक शामिल हैं. इनकी कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है.
दुर्गा पूजा से पहले जब शहर की सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस का दबाव सबसे ज्यादा होता है, ऐसे समय में इस टीम ने ईमानदारी और मेहनत से मिसाल पेश की है. इस कामयाबी से न केवल गुरुचरण गोराई को राहत मिली, बल्कि आम लोगों का पुलिस पर भरोसा भी और मजबूत हुआ है.
यह घटना साबित करती है कि जमशेदपुर पुलिस किसी भी चुनौती से पीछे नहीं हटती और नागरिकों की सुरक्षा व संपत्ति की रक्षा के लिए हर समय तैयार रहती है.