Jamshedpur Breaking: शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. रविवार शाम जवाहरनगर थाना क्षेत्र के तैयबा नगर रोड नंबर 13 डी में उस वक्त सनसनी फैल गई जब रंगदारी को लेकर एक युवक पर गोली चला दी गई. गनीमत रही कि युवक को गोली नहीं लगी, वरना हादसा बड़ा हो सकता था.
जानकारी के मुताबिक पीड़ित की पहचान 23 वर्षीय अबू सनान उर्फ बब्बो के रूप में हुई है. बब्बो इलाके में राशन स्टोर चलाता है. रविवार को वह अपने दोस्त के घर जा रहा था, तभी घात लगाए बैठे तीन से चार युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया. आरोप है कि बातचीत के बहाने बुलाकर बदमाशों ने अचानक उस पर फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
परिवार का कहना है कि पिछले कई दिनों से कुछ बदमाश उससे रंगदारी की मांग कर रहे थे. पैसे न देने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी. परिजनों के मुताबिक, इसी वजह से यह हमला हुआ. उन्होंने आरोपितों की पहचान भी बताई है. इसमें वसीम अख्तर उर्फ काले, रौनक बच्चा और शाहरुख उर्फ चूहा बच्चा का नाम सामने आया है.
फायरिंग की खबर मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए. सूचना पाकर पुलिस भी पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए हैं. अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
इलाके के लोगों का कहना है कि आए दिन हो रही वारदातों से मोहल्ले में दहशत का माहौल है. लोगों का आरोप है कि पुलिस सक्रिय नहीं है, इसी वजह से अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं. वहीं पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सभी आरोपितों को जल्द पकड़ लिया जाएगा.
त्योहार के मौसम में बढ़ रहा क्राइम का ग्राफ
बताते चलें कि बीते कई दिनों से शहर में अपराध का ग्राफ बढ़ा है, और कई अपराधियों की गिरफ्तारी भी हुई है. देखा जाए तो शहर में अब अपराध की दुनिया में युवाओं ने कदम रखा है. बीते दिनों हुई गिरफ्तारियों में अपराधियों की औसत उम्र लगभग 25 वर्ष है. इसके साथ ही कई नाबालिग भी अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में अपराधियों का साथ दे रहे हैं.