Jamshedpur News: जमशेदपुर में स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों की आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने साकची स्थित विश्वकर्मा प्वाइंट परिसर में जमशेदपुर हाट निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. इस मौके पर उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, धालभूम के एसडीएम चंद्रजीत सिंह मौजूद रहे.
कारीगरों के लिए नया बाजार
जमशेदपुर हाट जिले के कारीगरों और शिल्पकारों के लिए एक साझा मंच बनेगा, जहां वे अपने उत्पादों का प्रदर्शन और विपणन कर सकेंगे. यहां बोडाम प्रखंड के अंधारझोर गांव के वाद्य यंत्र निर्माताओं से लेकर अन्य पारंपरिक कारीगरों के शिल्प और क्राफ्ट उत्पादों को जगह मिलेगी. इस पहल से न सिर्फ पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को पहचान मिलेगी बल्कि युवाओं, महिलाओं को स्व-रोज़गार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी.
उपायुक्त ने रखी उम्मीदें
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि जमशेदपुर हाट स्थानीय कारीगरों के लिए आजीविका संवर्धन का मजबूत माध्यम बनेगा. इससे उन्हें अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा और स्थानीय स्तर पर बाजार की सुविधा उपलब्ध होगी. उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन पारंपरिक कला, हस्तशिल्प को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ उत्पादों के विपणन, प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में भी कदम उठाएगा.
प्रशासन का लक्ष्य है कि इस पहल से स्वरोज़गार को बढ़ावा मिले और ग्रामीण इलाकों की प्रतिभाओं को नए अवसर प्राप्त हों.