Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-09-27

Jamshedpur Kadma Suicide: फेसबुक पर लाइव आकर महिला ने की आत्महत्या, पति पर लगाए गंभीर आरोप

Jamshedpur : शहर के कदमा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। फॉर्म एरिया स्थित क्वार्टर नंबर 16/19 में रहने वाली 28 वर्षीय महिला मालती कुमारी ने शुक्रवार दोपहर सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म फेसबुक पर लाइव आकर आत्महत्या कर ली।


जानकारी के अनुसार, घटना के समय मालती घर में अकेली थी। उसके पति ड्यूटी पर गए हुए थे, जबकि दोनों बच्चे स्कूल में थे। इसी दौरान महिला ने फेसबुक पर लाइव आकर अपनी पीड़ा बयां की और फिर कमरे में लगे पंखे से चुन्नी के सहारे फांसी लगा ली।


घटना का पता चलते ही परिजन मालती को तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पति पर लगाए गंभीर आरोप

लाइव वीडियो में मालती ने अपने पति सहदेव यादव को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया। उसने साफ तौर पर कहा कि पति द्वारा रोज़ाना प्रताड़ित किए जाने और आपसी विवादों से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है।

मालती के मायके वालों ने भी पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के भाई ने बताया कि मालती की शादी वर्ष 2013 में सहदेव यादव से हुई थी। सहदेव टाटा स्टील में ठेका कर्मी है। शादी के बाद से ही संबंधों में तनाव बना रहता था। उन्होंने कहा कि उनकी बहन को लंबे समय से पति द्वारा मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा था।

पुलिस ने पति को हिरासत में लिया

घटना की जानकारी मिलने पर कदमा थाना पुलिस सक्रिय हुई और फेसबुक लाइव वीडियो को आधार मानते हुए सहदेव यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और परिजनों के बयान इस मामले में अहम साक्ष्य होंगे।

पारिवारिक पृष्ठभूमि

मालती कुमारी का मायका गिरिडीह जिले में है, जबकि उसका ससुराल कोडरमा जिले में है। वह वर्तमान में कदमा स्थित फॉर्म एरिया क्वार्टर में अपने पति और दो बच्चों के साथ रह रही थी। इस घटना से दोनों परिवारों पर गहरा सदमा पहुंचा है।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपा गया

शनिवार को पुलिस की देखरेख में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं।

इस घटना ने एक बार फिर से घरेलू विवाद और सोशल मीडिया पर बढ़ते आत्महत्या प्रसारणों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पति से पूछताछ जारी है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !