Jharkhand News: झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने वाली बॉलीवुड की लोकप्रिय पार्श्वगायिका शिल्पा राव ने बुधवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन से कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की.
मूल रूप से जमशेदपुर की रहने वाली शिल्पा राव को हाल ही में 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्वगायिका का सम्मान प्राप्त हुआ है. इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं.
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि झारखंड की बेटियों ने समय-समय पर अपनी प्रतिभा और संघर्ष के बल पर देश-विदेश में राज्य का नाम रोशन किया है. उन्होंने कहा ये भी कहा कि “शिल्पा राव की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन की सफलता है बल्कि झारखंड की समस्त युवा पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है. उन्हें मिला यह सम्मान पूरे राज्य का गौरव बढ़ाता है.”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार कला और संस्कृति के क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए संकल्पित है. उन्होंने विश्वास जताया कि शिल्पा राव आने वाले समय में भी अपने संगीत से झारखंड का नाम रौशन करती रहेंगी.
इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी शिल्पा राव को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि महिलाओं के लिए यह प्रेरणादायी क्षण है. उन्होंने कहा कि शिल्पा की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि जुनून और लगन हो तो कोई भी मंज़िल पाना कठिन नहीं है.
वहीं, मुलाकात के दौरान शिल्पा राव ने मुख्यमंत्री और विधायक के समक्ष अपने संगीत सफर की कहानी साझा की. उन्होंने बताया कि किस तरह एक छोटे से शहर जमशेदपुर से शुरुआत कर उन्होंने कठिन परिश्रम और समर्पण के दम पर बॉलीवुड में पहचान बनाई. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है.
शिल्पा ने कहा कि झारखंड उनकी जड़ों से जुड़ा है और उन्हें गर्व है कि यहां की मिट्टी ने उन्हें पहचान और प्रेरणा दी. उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे अपनी रुचि और प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए लगातार मेहनत करें.
इस मुलाकात का माहौल आत्मीय और उत्साहपूर्ण रहा. मुख्यमंत्री सचिवालय ने इस अवसर को राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया.