Saraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस ने अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए प्री कल्टीवेशन ड्राइव शुरू किया है. इस अभियान के तहत विभिन्न गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए जिसमें ग्रामीणों को अफीम के दुष्प्रभाव और इसके खिलाफ लागू कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई. साथ ही लोगों को अफीम की जगह वैकल्पिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया.
जानकारी के अनुसार, सरायकेला पुलिस की इस पहल के तहत खरसावां थाना क्षेत्र के हरिभंजा पंचायत के डबरा और सिनूडीह गांव, कुचाई थाना क्षेत्र के कुचाई बाजार, दलभंगा ओपी क्षेत्र के जेनालोंग और बड़ेडीह गांव तथा चौका थाना क्षेत्र के हेशाकोचा गांव में जागरूकता अभियान चलाया गया.
अभियान के दौरान संबंधित थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को स्थानीय भाषा में संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि अफीम की अवैध खेती और विक्रय कानूनन अपराध है जिसका गंभीर अंजाम भुगतना पड़ सकता है. साथ ही ग्रामीणों को इसके दुष्प्रभाव के बारे में बताते हुए सब्जी, फल और अन्य फसलों जैसी वैकल्पिक खेती करने का सुझाव दिया गया.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी इस अभियान में भाग लिया और अफीम की खेती पूरी तरह से बंद करने के लिए पुलिस का सहयोग करने का आश्वासन दिया.