Jamshedpur News: जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र स्थित स्वर्णरेखा बहु-परियोजना की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है. जानकारी मिलते ही सुंदरनगर पुलिस और अंचल कार्यालय के अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को जमीन खाली करने का निर्देश दिया.
मामला प्लॉट संख्या 3131 का है, जिसकी पूरी जमीन स्वर्णरेखा विभाग के नाम दर्ज है. बावजूद इसके भू-माफियाओं की नजर इस भूखंड पर है. बताया जाता है कि उनके बहकावे में आकर बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंचे और जमीन की घेराबंदी शुरू कर दी. यहां तक कि कुछ महिलाओं ने यह कहते हुए घेराबंदी शुरू कर दी कि सरकारी जमीन पर किराएदार लोग भी घर बनाकर बस सकते हैं.
इसकी सूचना मिलते ही अंचल अधिकारी के कार्यालय से प्रशासनिक टीम और सुंदरनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन काफी देर तक हंगामा होता रहा. आखिरकार पुलिस की सख्ती और प्रशासन की समझाइश के बाद स्थिति पर काबू पाया गया.
जांच में स्पष्ट हुआ कि जिस जगह पर अतिक्रमण की कोशिश की जा रही थी, वह स्वर्णरेखा विभाग की अधिग्रहित जमीन है. इसके बाद प्रशासन ने चेतावनी दी कि यदि जमीन से अतिक्रमण जल्द नहीं हटाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.
स्वर्णरेखा परियोजना की जमीन पर अतिक्रमण की यह कोशिश सवाल खड़े करती है कि आखिर भू-माफिया किसके संरक्षण में इस तरह के खेल को अंजाम दे रहे हैं.